Saturday 1 September 2018

हिन्दी सेवी डॉ. गुप्ता ‘आदित्य’ को राष्ट्रीय ‘राजभाषा गौरव’ प्रथम पुरस्कार


हिन्दी सेवी डॉ. गुप्ता ‘आदित्य’ को राष्ट्रीय ‘राजभाषा गौरव’ प्रथम पुरस्कार


हिन्दीभाषा डॉट कॉम परिवार ने अपने मार्गदर्शक को इस सम्मान पर जताई हार्दिक प्रसन्नता 
मुम्बई। सुप्रसिद्ध हिंदी सेवी डॉ.एम.एल. गुप्ता ‘आदित्य’ को भारत सरकार द्वारा लेखन के लिए ‘राजभाषा गौरव’ प्रथम पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। हिन्दीभाषा डॉट कॉम परिवार ने अपने मार्गदर्शक को इस सम्मान के लिए चयनित होने पर हार्दिक बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।
   यह पुरस्कार डॉ.गुप्ता को १४ सितम्बर (हिंदी दिवस) को नई दिल्ली में भारत के महामहिम राष्ट्रपति द्वारा भव्य कार्यक्रम में दिया जाएगा,जिसमें गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित भारत सरकार के अनेक मंत्री,सांसद,गृह सचिव,राजभाषा सचिव,  विभिन्न मंत्रालयों-विभागों के सचिव, विभिन्न बैंकों-कंपनियों के अध्यक्ष सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि,गृह मंत्रालय,राजभाषा विभाग के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय में
डॉ. गुप्ता ‘आदित्य’ सहायक निदेशक का दायित्व बखूबी निभा रहे हैं। इसके पूर्व राजभाषा विभाग की पश्चिम क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय के उप निदेशक के रूप में भी कार्यरत रहे हैं। इसके अंतर्गत गुजरात,महाराष्ट्र,गोवा तथा दमण-दीव एवं दादर नगर हवेली क्षेत्र आता है।
उपनिदेशक (कार्यान्वयन) के तौर पर भी आपने पश्चिम क्षेत्र के केन्द्रीय कार्यालयों,  बैंकों,उपक्रमों और संस्थानों आदि में राजभाषा हिंदी के कार्य बढ़ाने के लिए बहुत ही प्रभावी ढंग से कार्य किया है।
हिन्दी सेवी डॉ. गुप्ता ‘वैश्विक हिंदी सम्मेलन’ नामक स्वयंसेवी संस्था के निदेशक और लोकप्रिय सक्रिय पोर्टल हिंदी भाषा डॉट कॉम के मार्गदर्शक भी हैं। इसके माध्यम से भी विश्वभर में हिंदी व भारतीय भाषाओं के प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सम्मेलन के सोशल मीडिया से देश-विदेश के १२००० से भी अधिक लोग जुड़े हैं,जिनमें हिंदी सहित भारतीय भाषाओं को आगे बढ़ाने के लिए नियमित रूप से संवाद होता है। इसके द्वारा हिंदी में भारतीय भाषाओं के लिए कार्यरत व्यक्तियों व संस्थाओं को एकजुट कर इस कार्य को शक्ति प्रदान  की गई है।
हाल ही में मॉरीशस में आयोजित ग्यारहवें विश्व हिंदी सम्मेलन में भी आपने भाषा प्रौद्योगिकी के माध्यम से हिंदी व भारतीय भाषाओं के प्रचार-प्रसार के लिए गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू की अध्यक्षता में आयोजित सत्र में महत्वपूर्ण सुझाव दिए,जिन्हें सम्मेलन की सिफारिशों में शामिल किया गया है। इस सम्मेलन के उदघाटन सत्र में विदेश मंत्री एवं मॉरीशस के प्रधानमंत्री द्वारा विमोचित सम्मेलन स्मारिका एवं विदेश मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद द्वारा सम्मेलन के अवसर पर प्रकाशित ‘गगनांचल’ पत्रिका के विशेषांक में भी आपके लेखों का समावेश किया गया है।
खास बात यह भी है कि,डॉ. गुप्ता ‘आदित्य’ विद्यार्थी काल से ही हिंदी में भारतीय भाषाओं के लिए प्रयासरत रहे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय में आपने भारतीय भाषाओं की शिक्षण में अंग्रेजी माध्यम की अनिवार्यता के खिलाफ आंदोलन भी खड़ा किया था।
हिंदी में भारतीय भाषाओं के लिए निरंतर किए जा रहे प्रयासों के चलते देश-विदेश में प्रसिद्ध डॉ. गुप्ता को वर्ष २०१७-१८ के लिए राजभाषा गौरव पुरस्कार दिए जाने हेतु हिंदी भाषा डॉट कॉम के संस्थापक-सम्पादक अजय जैन ‘विकल्प’ एवं संयोजक सम्पादक डॉ.सोनाली नारगुंदे सहित प्रचार प्रमुख सुश्री नमिता दुबे एवं तकनिकी विशेषज्ञ चेतन बेंडाले द्वारा हार्दिक बधाई गई है।
प्रस्तुति: डॉ. गुप्ता 'आदित्य' 
प्रस्तुत कर्ता : संपत देवी मुरारका, विश्व वात्सल्य मंच
murarkasampatdevii@gmail.com  
लेखिका यात्रा विवरण
मीडिया प्रभारी
हैदराबाद
मो.: 09703982136

Wednesday 8 August 2018

अमरनाथ यात्रा – अमरनाथ गुफा




अमरनाथ यात्रा – अमरनाथ गुफा
       दिनांक 9-8-2006 को मैं अपने पुत्र राजेश के साथ हेलीकॉप्टर पकड़ने हेलीपैड पर पहुंची। हेलीकॉप्टर ने हम दोनों को पवित्र गुफा से थोड़ा नीचे उतार दिया। मौसम एकदम से खुशगवार हो गया था और आकाश में बादल लगभग विदा हो गए थे। पहाड़ों के बीच से झांकते भगवान भुवन भास्कर की किरणें समूचे वन प्रांत की हरीतिमा को अपने स्वर्णिम आभा का उपहार बांटने लगी थीं। मेरी जन्म-जन्म की अभिलाषा आज पूरी होने जा रही थी, क्योंकि मैं बर्फानी बाबा की पवित्र गुफा के प्रवेश द्वार तक आ गई थी। मैं बिल्कुल अभिभूत थी और मेरा मन एक निर्मल शांति की संवेदना को अपने में समेटे हुए था। जिधर भी दृष्टि जाती थी हिमाच्छादित पर्वत श्रृंखलायें, ऊंचे-ऊंचे वृक्षों के घने जंगल और हरीतिमा ओढ़े सुरम्य घाटियों का एक मोहक संसार दिखाई पड़ रहा था। श्रीनगर से उत्तर-पूर्व दिशा में 140 कि.मी. दूर भगवान अमरनाथ की यह पवित्र गुफा है। समुद्रतल से इसकी ऊंचाई 14450 फीट (3952मीटर) है। यह गुफा पीर-पंजाल पर्वत की हिमाच्छादित पर्वत श्रृंखला के बीच स्थित है। इसकी महत्ता यह है कि गुफा में स्वयंभू रूप में हिम-निर्मित शिवलिंग का प्राकट्य होता है और कुछ दिनों के बाद स्वयं: विलीन भी हो जाता है। यहां जो कुछ है सब प्राकृतिक है। मानव निर्मित कुछ भी नहीं है। गुफा का द्वार खुला हुआ है और नीचे की भूमि भी उबड़-खाबड़ खुरदरी तथा पथरीली है। गुफा की कुल लंबाई 60 फीट, चौड़ाई लगभग 30 फीट और ऊंचाई 15 फीट है। गुफा में स्वयं ही शिव लिंग का आकार लेना प्रकृति की अद्भुत लीला का प्रसाद ही है। इस दैवी चमत्कार को शीश नवाने श्रद्धालुजन देश-विदेश से लाखों की संख्या में यहां आते हैं, हिम निर्मित शिवलिंग श्रावण की अमावस्या से उसी मास की पूर्णिमा तक अपने विशालकाय आकार को वृद्धिगत करता हुआ अपने को शनै:-शनै: क्षीण करता जाता है और फिर अमूर्त हो जाता है। आज तक यह कोई नहीं जान सका है कि पथरीली चट्टानों के बीच सफेद रुई के फाहे की तरह की वर्क कहां से उद्भुत होती है। अंत: इसे ईश्वरी कृपा का प्रसाद मान कर आस्थावान लोगों ने इस प्राकृतिक शिवलिंग को अपनी अन्यतम श्रद्धा से समादृत किया है। यहां स्थित गुफा में गुफा की ऊपरी चट्टान से बूंद-बूंद जल श्रृवित होता है। यही बूंदे जम कर बर्फ बन जाती है और लगभग 8 फीट का एक विशालकाय शिवलिंग निर्मित हो जाता है। इस शिवलिंग की गोलाई भी 7फीट व्यास की होती है। अमरनाथजी अपना स्वरूप घटाते-बढ़ाते रहते हैं, लेकिन भक्तों की मान्यता कि वे लुप्त कभी नहीं होते और दृश्य-अदृश्य रूप में हमेशा इसी गुफा में निवास करते हैं| इसे भी एक अन्यतम आश्चर्य ही स्वीकार किया जाना चाहिये कि जिस हिम पीठिका पर अमरनाथ जी लिंग रुप में विराजमान होते हैं, वह हिम पीठिका पक्के बर्फ की होती है जब की गुफा के बाहर सर्वत्र कच्ची बर्फ​ मिलती है। इस गुफा में एक ओर गणेश पीठ और दूसरी ओर पार्वती पीठ भी है। पार्वती पीठ को 51 शक्ति पीठों में गिना जाता है, क्योंकि यहां माता सती का कंठ गिरा था। गुफा में एक स्थान पर प्राकृतिक रूप से भस्म भी प्रकट होती है रहती है, जिसे भक्तगण शिव-प्रसाद मानकर घर ले आते हैं। कहा जाता है कि भगवान शिव ने सर्वप्रथम माता पार्वती को श्रावण की पूर्णिमा के दिन अमरत्व प्राप्ति का ज्ञान दिया था और तत्संबंधी एक कथा भी सुनाई थी। इसी कथा को सुनकर शुकदेव जी ने भी अमरत्व की सिद्धि प्राप्त की थी। यही कारण है कि इस तिथि पर श्रद्धालु जन यहां बाबा अमरनाथ जी का दर्शन प्राप्त करने को लालायित रहते हैं। वैसे यह यात्रा गुरु पूर्णिमा से श्रावण पूर्णिमा तक होती है। इस पवित्र गुफा के नीचे अमरावती गंगा प्रवाहित होती है। यात्रीगण इस नदी
में स्नान करने के बाद गुफा में हिम-शिवलिंग के दर्शन के लिए प्रवेश करते हैं।
     प्रतिवर्ष श्रावण सुदी पंचमी को दर्शनार्थियों का दस्ता शारदा पीठ के पीठाधीश्वर शंकराचार्य के नेतृत्व में श्रीनगर से अमरनाथ गुफा के लिए रवाना होता है। श्रीमद् शंकराचार्य चांदी की एक छड़ी लिए संत-महात्माओं की टोली के साथ आगे-आगे चलते हैं। स्थान-स्थान पर स्थानीय जनता द्वारा इस जुलूस का जयकारे के साथ स्वागत किया जाता है। जुलूस की सुरक्षा कश्मीर पुलिस के अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के लोग भी करते हैं। जब देश और प्रदेश में आतंकवाद का खतरा बढ़ा है और पिछले कई साल इन आतंकवादियों ने दर्शनार्थियों के जुलूस पर हमला कर जो खूनी खेल खेला था, उसे देखते हुए सतर्कता और सुरक्षा का बड़ा चौकस बंदोबस्त किया जाता है। धमकी त इस वर्ष भी आतंकवादियों की ओर से दी गई थी, लेकिन जिस प्रकार की व्यवस्था तथा घेराबंदी सुरक्षा बलों की ओर से की गई है, उसको भेद पाना  इन आतंकवादियों के लिए अत्यंत कठिन है। आतंकवादी भले ही अपनी कुत्सित सांप्रदायिक सोच के चलते सांप्रदायिक भाई-चारे का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करें, लेकिन कश्मीर के मुसलमान भाई न सिर्फ इस यात्रा को सफल बनाने में पूरी तरह सहयोग करते हैं, बल्कि वे यात्रियों, दर्शनार्थियों की कदम-कदम पर हिफाजत भी करते हैं। यहां तक कि इस गुफा की खोज का श्रेय भी एक मुसलमान व्यक्ति को ही जाता है। बूटा मल्लिक नाम के एक गुर्जर मुसलमान जो भेड़-बकरी चराता था, ने पहली बार बर्फानी बाबा की खोज की थी। कहा जाता है कि इसी क्रम में उसकी मुलाकात एक साधू से हुई, जिन्होंने उसे कोयले से भरा एक बोरा दिया। बोरे को घर ले आने के बाद बूटा ने जब उसे खोलकर देखा तो वह चौंक उठा, क्योंकि वह बोरा सोने की अशर्फियों से भरा हुआ था। फिर उस साधु के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रस्तुत करने जब वह उस स्थान पर पहुंचा तो वह साधु को नहीं पा सका। उसने उस साधु की खोज गुफा में करने की कोशिश की और वह गुफा में प्रवेश कर गया। वहां उसे हिम-शिवलिंग का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यह खबर जब बाहर की दुनिया में प्रसारित हुई तो बर्फानी बाबा का दर्शन करने श्रद्धालु जनों का सैलाब उमड़ पड़ा। परम सिद्ध संत स्वामी विवेकानंद जी ने भी सन् 1898 ईस्वी में इस पवित्र गुफा की यात्रा कर हिम-शिवलिंग का दर्शन किया था।
        अमरनाथ गुफा की खोज के बाद एक पौराणिक संदर्भ भी जुड़ गया। जितना रोचक इस गुफा में बर्फानी बाबा का प्राकट्य है, उससे कम रोचक इससे संदर्भित पौराणिक कथायें भी नहीं है। कथा कहती है कि एक दिन माता पार्वती ने शिवजी से पूछा कि हे स्वामी मैं तो मरणधर्मा हूं क्योंकि पिछले जन्म में सती के रुप में पैदा हुई थी, किंतु आप मृत्यु से परे हैं, ऐसा क्यों है? शिवजी ने इसके पीछे अमरकथा को कारण बताया। उन्होंने कहा कि इस अमर कथा को हृदयंगम करने वाला व्यक्ति जरा-मृत्यु से परे हो जाता है। इतना सुनने के बाद माता ने शिवजी से वह अमरकथा सुनाने का आग्रह किया। शिवजी ने माता का आग्रह स्वीकार कर लिया, लेकिन वे ऐसा एकांत चाहते थे जहां पार्वती के अलावा कोई दूसरा श्रोता न हो। शिव-पार्वती इस निश्चय के साथ ऐसे स्थान की खोज में निकल गये। खोज करते हुए वे कश्मीर क्षेत्र के पहलगाम पहुंचे। यहां आकर शिवजी ने अपने वाहन नंदी बैल का परित्याग कर दिया। इस स्थान का प्राचीन नाम "बैल ग्राम" था, जो अब पहलगाम हो गया है। पहलगाम से चंदनवाड़ी जाते समय रास्ते में "नीलगंगा" का दर्शन हुआ। कहते हैं कि सदाशिव क्रीड़ा में माता पार्वती की आंखों का काजल अपने मुख पर लगा बैठे थे, जिसे उन्होंने एक नदी के जल में धोया था। इस क्रिया में नदी का जल नीला हो गया और नदी "नीलगंगा" के नाम से प्रसिद्ध हो गई। चंदनवाड़ी पहुंचकर शिवजी ने चंद्रमा को भी अपनी जटाओं से मुक्त कर दिया। वहां से वे "पिस्सूघाटी" गये, जिसका नाम त्रेशांक पर्वत है। इसके पीछे भी एक रोचक कथा है। एक बार देवता और राक्षस एक साथ शिव-दर्शन के लिए पहाड़ चढ़ रहे थे कि दोनों में पहले चढ़ने और पहले दर्शन पाने की होड़ लग गई। विवाद आगे बढ़ते-बढ़ते युद्ध का रुप ले लिया। देवताओं ने शिवजी का ध्यान कर राक्षसों का न सिर्फ संहार किया, बल्कि उनकी हड्डियों का चूरा बनाकर वहां पर्वत पर बिखेर दिया। जहां-जहां राक्षसों की हड्डियों का पिसा हुआ चुरा बिखरा वह जगह "पिस्सू घाटी" के रूप में विख्यात हो गई। 
        शिव-पार्वती आगे शेषनाग झील पहुंचे। लिद्दर नदी जिस पर्वत से निकली है उसका नाम "शेषनाग पर्वत" है। कथा कहती है कि इस स्थान पर पहुंचकर शिवजी ने अपने गले में पड़ी सर्पों की माला का भी परित्याग कर दिया। इसी कारण यह पर्वत और झील "शेषनाग" के नाम से विख्यात हुई। कहते हैं कि जिस स्थान पर शिवजी ने नागों का त्याग किया था वहां की शिलाओं पर आज भी नागों के चित्र मौजूद हैं। इससे जुड़ी एक दंतकथा यहां और प्रचलित है। कहते हैं कि इस पर्वत पर एक बलशाली राक्षस रहता था। वह देवताओं को बहुत त्रास देता था। देवताओं ने शिव की स्तुति कर उन्हें प्रसन्न किया तथा इस राक्षस से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की। शिवजी ने कहा कि वे इस राक्षस को दीर्घायु होने का वरदान दे चुके हैं। अंत: आप लोग भगवान विष्णु से इसके लिए प्रार्थना करें। भगवान विष्णु ने देवताओं का निवेदन स्वीकार कर शेषनाग को उस राक्षस का विनाश करने को कहा। भगवान विष्णु की आज्ञा शिरोधार्य कर शेषनागजी ने देवताओं के त्रास-मुक्त करने के लिए उस राक्षस का वध किया। इस पहाड़ और झील का नाम फलत: इस कथा से भी संदर्भित हो गया। यहां के लोगों की मान्यता है कि इस पर्वत के पत्थरों से छोटे-छोटे​ घर बनाने और झील के जल में स्नान करने से ब्रह्म -हत्या और गौ-हत्या जैसे पापों से मुक्ति मिल जाती है। शेषनाग झील में पर्वतीय वनौषधियों का सत्व मिल जाने के कारण इस झील का पानी अत्यंत स्वास्थ्यप्रद है। भगवान भोलेनाथ का इस क्रम में अगला पड़ाव "पंचतरणी" था। इस स्थान पर शिव ने माता के साथ तांडव नृत्य किया था और उनकी जटायें शिथील होकर खुल गई थीं, जिससे जटावद्ध गंगा की धारा उन्मुक्त होकर यहां पांच धाराओं में बहने लगी थी। इस स्थान पर भगवान शिव ने पांच तत्वों-- पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश का भी त्याग कर दिया था। यह स्थान मौजूदा समय में अनंतनाग से दो हिस्सों में प्रारंभ होने वाली यात्रा का संगम स्थल है। यहां बालटाल वाले यात्री भी मिल जाते हैं। बालटाल से संगम तक की दूरी 11 कि.मी. है। इस स्थान से अमरनाथ गुफा की दूरी सिर्फ 3 कि.मी. की है। पंचतत्वों का त्याग करने के बाद शिव-पार्वती ने गुफा में प्रवेश किया, जहां भगवान शिव ने अपना मृग-चर्म  बिछाया और उस पर बैठकर ध्यान मग्न हो गये। कालांतर में उन्होंने अपने तीसरे नेत्र से कालाग्नि रुद्र को प्रकट कर आदेश दिया कि इस गुफा में निवास करने वाले सभी जीव-जंतुओं को जला दें। कालाग्नि रुद्र ने उनके आदेश का अक्षरश: पालन किया। बावजूद इसके भगवान शिव की मृगछाला के नीचे कबूतर का एक अंडा बच गया। शिव की शरण में होने के कारण कालाग्नि भी उसका बाल-बांका नहीं कर सकी थी। अमरकथा प्रारंभ करने के पहले शिव ने माता पार्वती को ध्यान से सुनने तथा बीच-बीच में हुंकारी भरते रहने को कहा| उन्होंने यह भी कहा कि हुकारी बंद होने की अवस्था में वे कथा सुनाना बंद कर देंगे। किंतु देव प्रेरणा से बीच कथा में भवानी को नींद आने लगी और उन्होंने हुंकारी बंद कर दी, लेकिन उसी समय मृगछाला के नीचे दबा पक्षी का अंडा फूट गया और उससे प्रकट होने वाला जीव माता की जगह कथा में हुकारी भरने लगा। कथा समाप्ति के बाद शिवजी ने माता को निद्रामग्न पाया तो उन्हें आश्चर्य हुआ कि अगर यह निद्रामग्न थीं तो कथा में हुंकारी कौन भर रहा था। भगवान शंकर ने जब इधर-उधर तलाश किया तो वह पक्षी का बच्चा उन्हें दिखाई दे गया। शिव ने उसे पकड़ना चाहा तो वह पंख फैलाकर उड़ गया। शिव ने उसक वध करने के लिए अपना त्रिशूल छोड़ दिया। उसी समय व्यास जी की पत्नी अपने द्वार पर बैठी जम्हाई ले रही थी, जिसकी वजह से उनका मुंह खुल गया था। तोते के बच्चे ने उचित अवसर देखकर व्यास पत्नी के मुख में प्रवेश किया और वह उनके पेट में चला गया। इधर तोते की तलाश में शिवजी व्यास जी के घर पहुंचे और उन्होंने तोते के बच्चे को बाहर निकालने को कहा। व्यास जी ने किसी ऐसे प्राणी की उपस्थिति अपने घर में होने की बात सिरे से नकार दी, लेकिन व्यास पत्नी ने स्वीकार किया कि जम्हाई लेते समय कोई पक्षी उनके मुख में प्रवेश कर पेट में चला गया है। भगवान शिव ने वहीं डेरा डाल दिया और कहा कि इस पक्षी के बच्चे को बाहर निकलते ही मार डालेंगे। व्यास जी ने ऐसा न करने के लिए उन्हें बहुत मनाया, लेकिन शिवजी अपना हठ त्यागने को तैयार नहीं थे। अंततः शिवजी से निराश व्यासजी ने भगवान विष्णु और ब्रह्माजी से इस समस्या का हल खोजने की प्रार्थना की। दोनों विभूतियों ने उपस्थित होकर उदरस्थ बच्चे को बाहर आने के लिए आश्वस्त किया और यह भी कहा कि वह अमर कथा सुनने के बाद स्वयं अमर हो चुका है। साथ ही वह वेदों के समस्त ज्ञान से भी परिपूर्ण हो चुका है। आश्वासन पाकर तोते का बच्चा बाहर आया। प्रसिद्ध ऋषि​ और महान ज्ञानी "शुकदेव"जी महाराज का प्राकट्य इसी रूप में हुआ और वे अमरत्व के महाप्रसाद से भी विभूषित थे। एक बार शुकदेव जी ने बहुत आग्रह के बाद इस कथा का वाचन ऋषि-मंडली में करना प्रारंभ किया तो कथा के प्रभाव से समस्त लोकालोक कंपायमान हो उठा, अतः  शिवजी ने शाप दिया कि यह कथा आगे से अमरत्व प्रदान करने में अक्षम सिद्ध होगी। उन्होंने बहुत प्रार्थना के बाद इस शाप को संशोधित करते हुए कहा कि आगे से अमरत्व की जगह है श्रवण करने वाले को शिवलोक की प्राप्ति होगी। यह समूची कथा अब अमरनाथ गुफा और उसमें अद्भुत होने वाले हिम-शिवलिंग से संदर्भित हो चुकी है।
       हम दोनों ने कई सीढ़ियां चढ़ने के बाद इस पवित्र गुफा में प्रवेश किया। प्रवेश करते ही मेरा मन भूत भावन भगवान शिव के भक्ति आलोक से आलोकित हो उठा और मुझे लगा कि मैंने जन्म-जन्मांतर की अपनी समस्त यात्रा का पुण्य-लाभ मात्र इस एक क्षण में अर्जित कर लिया है। मैं किस हद तक विकल, विहल और विभोर थी, उसका वर्णन मैं शब्दों के माध्यम से नहीं कर सकती। मुझे लगा कि संभवत: जीते जी मुझे शिवधाम की उपलब्धि हो गई है। हम दोनों मां-बेटे बर्फानी बाबा के साक्षात स्वरूप का दर्शन कर धन्यत बोध से आप्लाविप्त उठे। गुफा में बूंद-बूंद जल टपक रहा था। कहा जाता है कि गुफा के ठीक ऊपर रामकुंड है, जहां से यह जल श्रवित होता है। गुफा में जंगली कबूतरों का डेरा भी बहुतायत मात्रा में है। यहां हमने सफेद कबूतरों का जोड़ा भी देखा, जिसका दर्शन बहुत शुभ कर माना जाता है। सबसे विचित्र अनुभव यह था कि गुफा में शीत का प्रकोप बिल्कुल नहीं था। एक अनुभव यह भी कि यहां आते ही इतनी लंबी और कष्टकर यात्रा की थकान एकदम छूमंतर गायब हो गई थी। हम आनंद-विभोर थे और एक आध्यात्मिक शांति हृदय को उत्फुल्लता से सराबोर कर रही थी। हम गुफा के बाहर आये तभी जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एस.के. सिन्हा के आने की घोषणा की गई और चारों तरफ सुरक्षा का घेरा मजबूत बना दिया गया। हमने नजदीक से राज्यपाल महोदय को देखना चाहा, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने हमें रोक दिया। दर्शन करने के बाद राज्यपाल महोदय वापस चले गए। अभी उन्हें गये आधा घंटा भी नहीं हुआ था कि साधु-संतों की अगुवाई में छड़ी मुबारक का जुलूस आ गया। गाजे-बाजे के साथ ध्वजा लिए और जयकारा करते इस जुलूस का उत्साह देखते ही बनता था। हमने यहां कई अविस्मरणीय चित्र भी अपने कैमरे में कैद किए। वहां से कृतार्थ होकर हम वापस हेलीपैड पर आये और थोड़ी ही देर में हेलीकॉप्टर से बालटाल पहुंच गए। वहां से टैक्सी में बैठकर हम वापस श्रीनगर पहुंच गये। वहां नगीन झील के हाउस बोट में भोजन करने के बाद विश्राम किया। अमरनाथ जी के दर्शन के बाद मन और शरीर दोनों ही प्रफुल्लित थे, इस कारण नींद भी बहुत अच्छी आई। दूसरे दिन एयर डेक्कन की फ्लाइट पकड़ कर हम दिल्ली पहुंच गये। दिल्ली में मेरे भाई मदन जी के घर रुक गये। हमारी इच्छा स्वामी नारायण मंदिर, जिसे अक्षरधाम भी कहते हैं, के दर्शन की थी।
संस्थापक अध्यक्ष: विश्व वात्सल्य मंच
लेखिका: यात्रा विवरण
मीडिया प्रभारी
हैदराबाद
मो. 09703982136



अमरनाथ यात्रा – बालटाल




अमरनाथ यात्रा – बालटाल
        सोनमर्ग से बालटाल लगभग 15 कि.मी. दूर है । अमरनाथ यात्रा के समय यहां अस्थाई तौर पर तंबू लगाकर यात्रियों का आवास बना दिया जाता है । हम जब इस स्थान पर पहुंचे तो चमत्कृत रह गये, क्योंकि हमने इसके पहले इतना बड़ा तंबुओं का नगर कभी नहीं देखा था। यहां सरकार की ओर से भी और बहुत ही सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं की ओर से भी यात्रियों को यथा संभव हर तरह की सुविधा प्रदान की जाती है। बड़े-बड़े शिविरों में धार्मिक संस्थाएं यात्रियों के लिए भंडारा चला रही थी। इस तरह कई शिविरों में चिकित्सक बीमार पड़ रहे अस्वस्थ यात्रियों का दवा-इलाज कर रहे थे। बालटाल पर्वतीय श्रृंखला के बीच एक सुंदर स्थान अवश्य है, लेकिन यहां कोई आबादी नहीं है। यहां सिर्फ उस समय गुलजार होता है, जब अमरनाथ की यात्रा शुरू होती है। तब अस्थायी तौर पर तंबू लगाकर यात्रियों को यहां विश्राम, भोजन और चिकित्सा की सुविधा दी जाती है। इसकी एक विशेषता यह भी है कि यह चारों तरफ से घने जंगलों से घिरा हुआ है। यात्रा के दिनों में कुछ जरुरी सामानों की दुकानें भी यहां लग जाती है। बालटाल से पवित्र गुफा के लिए जाने के लिए एकमात्र रास्ता पैदल अथवा घोड़े की सवारी का है। संपन्न लोग यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए भी यात्रा करते हैं, लेकिन ऐसा तब होता है जब मौसम साफ हो। मेरा टिकट हेलीकॉप्टर से उड़ान भरने का बहुत पहले ही बुक हो चुका था। मैं अपने बेटे राजेश का टिकट लेने के लिए परिशान थी। एक फौजी से पता करने पर मालूम हुआ कि कल खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर नहीं उड़ेंगे। कल ही छड़ी मुबारक ही आने को थी। मतलब यह कि कल का दिन भगवान अमरनाथ के दर्शन का अंतिम दिन होगा। मेरे मन में निराशा पैठ गई और मैं बहुत अधिक भाव से बर्फानी बाबा को पुकारने लगी कि वे अपने द्वार से इस तरह ना लौटावें। इसे दैवी कृपा ही कहा जाएगा कि राजेश अपना टिकट भी ले आया और यह समाचार भी कि हेलीकॉप्टर अवश्य उड़ेगा। मैंने बर्फानी बाबा को मन ही मन धन्यवाद दिया और मैं इतनी गदगद तथा आह्लादित हुई की मेरे नेत्रों से अविरल अश्रुधारा बहने लगी।

अमरनाथ यात्रा – सोनमर्ग




अमरनाथ यात्रा – सोनमर्ग
 एक बार फिर तेज रफ्तार भागते वाहन के साथ पीछे की ओर दौड़ते सुंदर दृश्यों से हमें मुखातिब होना पड़ा। रास्ते में एक केंद्रीय रिजर्व बल की छावनी भी देखने को मिली। मन में यह भाव जरूर उठा की भारत माता के ये सपूत देश की सीमा पर रक्षा में कितने समृद्ध और तत्पर हैं। सड़क अच्छी थी, इस कारण वाहन को तेज रफ्तार भागने में कोई दिक्कत नहीं थी। जिस रास्ते से हम जा रहे थे वास्तव में वह श्रीनगर को लेह से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग था। इसी रास्ते एक पुल से गुजरते हुए हमने देश की सर्वाधिक प्रसिद्ध सिंधु नदी का भी दर्शन किया। बरसात के मौसम में यह नदी अपने तटबंधों को पार कर एक असीमित विस्तार में प्रवाहित हो रही थी। इस क्रम में हमें सोनमर्ग पहुंचते-पहुंचते सांझ हो गई। अंत: इस दिन विश्राम करना ही उचित समझा गया।
       श्रीनगर से सोनमर्ग की दूरी लगभग 102 कि.मी. है। समुद्र तल से यह स्थान 2730 मीटर की ऊंचाई पर है। सोनमर्ग का अर्थ "सोने की घाटी" होता है और उसका निहितार्थ धरती का यह छोटा सा टुकड़ा सत्य सिद्ध करता समझ में आता है। इस घाटी की शोभा अपनी स्वर्णिम आभा के साथ अतुलनीय है। इस भूमि का जुड़ाव भौगोलिक रूप से सिंधु नदी की घाटी से भी है। यहां से होती हुई सिंधु नदी अपना अविरल प्रवाह तथा वेग के साथ समतल मैदानी इलाके में उतर जाती है। यह कई प्रसिद्ध झीलों का उद्गम स्थल भी है, जिसमें बिशनसर, कृष्णसर, गाडसर, सतसर और गंगा बल जैसी झीलें काफी प्रसिद्ध है। यहां स्थापित अभ्यारण्य पर्यटकों के लिए एक विशेष आकर्षण का केंद्र है। सोनमर्ग चारों तरफ से बृहदाकार पर्वत श्रृंखलाओं से घिरा हुआ है। पर्वत श्रृंखलाएं बर्फ से ढकी दिखाई देती है। नीचे किसी मुलायम रेशमी कालीन की तरह घासों का प्रसार है। देवदार के घने जंगलों के बीच नाचती-कूदती और अठखेलियां करती सिंधु नदी का उद्वाम प्रवाह, हर तरफ रंग-बिरंगे अपरिचित सुगंधो से भरपूर फूलों का अभिनव दृश्य, सब मिलकर जिस संसार की रचना होती है उसे स्वर्णिम नहीं तो और कहा भी क्या जा सकता है। सच यही है कि इन सारे दृश्यों के गुंजलक में हम भाव-विभोर स्थिति में कहीं गुम हो गए थे। यहां से घोड़े अथवा खच्चर के जरिए थाजीवास ग्लेशियर तक की यात्रा भी की जा सकती है। यह ग्लेशियर सोनमर्ग से कहने को सहज 3 कि.मी. की ही दूरी पर है, लेकिन इस रास्ते की चढ़ाई बहुत कठिन है। यहां मौसम अक्टूबर से मार्च तक बहुत खुशगवार रहता है। इस समय प्राकृतिक शोभा का आनंद लूटने वाले पर्यटकों की भीड़ बढ़ जाती है। थाजीवास से लौटने के बाद हम एक रेस्टोरेंट में चाय-नाश्ता करने के बाद कुछ सुस्ताये। सोनमर्ग से 10 कि.मी. दूर एक सड़क ऊपर जोजिला की तरफ से होती हुई कारगिल चली जाती है। इसका एक तरफ जुड़ाव श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से होता है तो दूसरी तरफ यह बालटाल चली जाती है। बालटाल से एक रास्ता पवित्र अमरनाथ की गुफा को जाता है, लेकिन यह रास्ता बहुत सुनसान है और इस पर जाते हुए डर लगता है। हमने यह खतरा इस कारण मोल लिया क्योंकि रास्ते के प्राकृतिक दृश्यों ने हमें सचमुच सम्मोहित कर दिया था।

अमरनाथ यात्रा - खीर भवानी मंदिर




अमरनाथ यात्रा - खीर भवानी मंदिर
खीर भवानी का मंदिर श्रीनगर से लगभग 27 किलोमीटर दूर श्रीनगर-सोनमर्ग पर स्थित तुलामुला गांव में है। यहां गांधरबल से 3 किलोमीटर दूर एक छोटी सड़क से आवागमन होता है। कश्मीर का हिंदू जनमानस इस मंदिर के प्रति एक भावनात्मक श्रद्धा से बंधा है। अमरनाथ यात्रा के समय यहां तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ होती है। यहां के लोग खीर भवानी को "रगनिया देवी" के नाम से पुकारते हैं। इन्हें दुर्गा माता का ही रूप माना जाता है। एक समतल घाटी में यह मंदिर ऊंचे-ऊंचे चिनार वृक्षों से घिरा हुआ है। इस मंदिर से 5 किलोमीटर की दूरी पर मानसबल झील है।मंदिर के गर्भगृह में भगवान शिव और माता दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित हैं। कहा जाता है कि इस क्षेत्र का यह अकेला मंदिर है जहां शिव और शक्ति की पूजा- उपासना एक साथ होती है। सनातन रूप में यहां प्रथा है कि भोग अर्पित करते समय देवी को खीर अवश्य प्रस्तुत की जाती है। संभवत: इसी परंपरा ने देवी का नामकरण खीर भवानी कर दिया है। मंदिर का निर्माण एक कुंड के बीच में किया गया है। पाकिस्तान से लगे सीमा क्षेत्र में होने के कारण वर्तमान समय में मंदिर की देख-रेख और पूजा-पाठ की जिम्मेदारी सीमा सुरक्षा बल के जवानों को सौंप दी गई है।
       माता खीर भवानी के प्राकट्य के संबंध जो कथा यहां प्रचलित है, उसे अद्भुत ही कहा जा सकता है। कहा जाता है कि एक समय लंकाधिपति रावण ने अपनी घनघोर तपस्या से माता पार्वती को प्रसन्न कर उनसे लंका में निवास करने का वर प्राप्त कर लिया। उसे यह पता था कि ऐसा होने पर न सिर्फ उसकी लंका संपत और समृद्ध होगी, बल्कि वह हर दृष्टि से सुरक्षित भी हो जाएगी। वह माता के विग्रह को लंका के उत्तरवर्ती क्षेत्र में स्थापित कर अत्यंत प्रसन्न हुआ। माता ने एक कुंड में अपना निवास बना लिया। इस कुंड की सुरक्षा नागों की एक सेना करती थी। राक्षस राज रावण देवी की पूजा तामसिक पद्धति से करता था, जिसमें पशु बलि भी दी जाती थी, अलावा इसके-उसके अत्याचारों से भी माता बहुत क्षुब्ध थी। त्रेतायुग में जब भगवान राम ने भगवती सीता को प्राप्त करने के लिए जब लंका पर आक्रमण किया तो भगवती श्यामा ने हनुमान को आदेश दिया कि वे उन्हें अपने कंधों पर बिठाकर सती देश (कश्मीर) ले चलें। माता इस बात को जानती थी कि उनके लंका में रहते रावण को कोई परास्त नहीं कर सकता। अत: भगवान राम की विजय सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने यहां से जाना ही उचित समझा। महावीर हनुमान ने माता के आदेश का पालन किया और उन्हें वे 300 नागों के साथ वायु मार्ग से प्रस्थान किया। देवी पहले विष्णुपाद गई जहां रम्य वनस्थली में कुछ समय विश्राम करने के बाद दवसर गांव की उपत्यका, लुटकीपुर (अनंत नाग), राईयन, वादीपुर, कोटितीर्थ, चंडीपुर तथा शारदा तीर्थ होते हुए अंत में पवित्र​ शादीपुर के पास हिमालय की तलहटी में अपना स्थान बना लिया। वृक्षों से आच्छादित यह भूमि माता की दिव्यता से विभूषित है। माता ने यहां जिस सप्तकुंड में निवास करना स्वीकार किया उसके वे आज भी सप्तमात्रिकाओं और वीजा क्षरों सहित सुशोभित है। यहां माता के कुंड की पूजा नैवेद्य, दुग्ध, मिष्ठान, खीर जैसे सात्विक पदार्थों से प्रारंभ हुई। यह परंपरा आज भी बरकरार है।
       इसी संदर्भ में माता की खीर भवानी की स्थापना की और कथा हमें सुनने को मिली। मुगल शासन काल के अंतिम चरण में श्रीनगर के एक परम देवी भक्त और उपासक श्रीकृष्णदास टपिल थे। ये बहोरी कुदल में रहते थे तथा इनकी गणना मान्य विद्वानों में भी होती थी। कहा जाता है कि एक रात स्वप्न में माता खीर भवानी ने उन्हें दर्शन देकर उस जलमग्न तीर्थ की खोज करने को कहा जो माता का वास्तविक निवास स्थान है। माता ने यह खोज नौका द्वारा करने को कहा और यह भी कहा कि एक विशालकाय नाव जल में तैरता हुआ उनका पथ-प्रदर्शन करेगा। वह नाग तैरता हुआ जिस स्थान पर अपना फण उठाकर खड़ा हो जाएगा समझना कि मैं उसी स्थान पर निवास करती हूं। पंडितजी ने इस स्वप्न की चर्चा अपने बंधु-बांधुओं से की तो वे भी प्रसन्न मन इस अभियान में शामिल हो गये। पंडितजी इनके साथ नौका पर सवार हो गांधार बल की दिशा में आगे बढ़े। कुछ ही देर बाद एक विशालकाय नाग आकर नौका के आगे-आगे चलने लगा। आंगे बढ़ते हुए नागराज तुलमुला ग्राम के समीप एक दलदली भूमि पर खड़े हो गये। पंडितजी कृष्ण दास ने उस निर्देशित भूमि पर एक बड़ी सी लकड़ी गाड़ दी। नागराज ने यहां जल के ऊपर एक षटकोणीय आकार की परिक्रमा की। नागराज ने जहां-जहां चक्कर लिया, पंडितजी ने वहां-वहां जगह के डंडा गाड़ कर चिन्हित कर लिया। इस तरह वर्तमान कुंड की सीमा नागराज ने निर्धारित कर दी। फिर नागराज उस स्थान पर पहुंच कर अपना फण उठाये खड़े हो गए, जहां से उन्होंने चक्कर काटने की शुरुआत की थी। इतना करने के बाद वह सबके सामने देखते-देखते अदृश्य हो गये। बाद में भक्तों ने बड़े परिश्रम और सूझ-बूझ से इस षटकोणीय परिक्रमा को एक कुंड के रूप में परिवर्तित किया। वर्तमान में यह स्थान एक द्वीप जैसा है जिसके मध्य एक षटकोणीय परिक्रमा स्थित है। इस षटकोणीय परिक्रमा का महत्व भक्तों में सर्वत्र व्याप्त है और वे इसकी परिक्रमा को देवी कृपा का अवलंब मानते हैं। 
          कुंड की एक विशेषता यह भी है कि समय-समय पर इसका रंग बदलता रहता है। विशेषकर जब देश अथवा क्षेत्र पर कोई विपत्ति आसक्त होती है, तो इस अमृत कुंड का जल काला पड़ जाता है। इसकी एक दूसरी विशेषता यह है कि यदा-कदा जल की सतह पर स्वयंभू यंत्र उभर आते हैं। ऐसे समय भक्तगण इस यंत्र का दर्शन कर स्वयं को धन्य हुआ मानते हैं। मंदिर में प्रवेश कर हमने शिव और शक्ति की युग्म-पूजा की। पूजा के बाद नैवेद्य और पुष्प हमने यज्ञ कुंड में प्रवाहित किये। यहां हम आरती में भी शामिल हुए और प्रसाद में वितरित हो रही खीर भी ग्रहण की। पूजा-अर्चना के बाद इस परिसर में स्थापित अन्य देवी-देवताओं का भी दर्शन किये। यहां हमने कबूतरों को दाना भी खिलाया और प्राकृतिक दृश्यों के कई फोटो भी कैमरे में कैद किये। यहां के बाद हमने अपनी गाड़ी सोनमर्ग के रास्ते पर डाल दी |

अमरनाथ यात्रा - शंकराचार्य मंदिर




अमरनाथ यात्रा - शंकराचार्य मंदिर
हम दूसरे दिन प्रात:काल उठकर शंकराचार्य मंदिर के लिए निकले | यह प्रतिष्ठित स्थान श्रीनगर से 5 कि.मी. दूर है और इसकी समुद्रतल से ऊँचाई 6240 फीट की है | यह श्रीनगर से उत्तर-पूर्व दिशा में एक सुंदर पहाड़ी पर स्थित है | यहाँ ‘गोपादरी अथवा ‘गुपकार’ टीले को शंकराचार्य अथवा ‘तख़्त-ए-सुलेमान’ कहते हैं | कहा जाता है कि शंकराचार्य के चौथे शंकराचार्य ने सन् 820 ई. में इस पहाड़ी पर तपस्या की थी, इस कारण इस पहाड़ी का नाम उनके नाम से जुड़ गया | यूँ कई इतिहासकारों ने अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हुए कहा है कि इसकी बुनियाद राजा अशोक के पुत्र ‘जन्नूक’ ने डाली थी | इस मंदिर का निर्माण उस समय की शिल्पकला का सर्वोत्कृष्ट उदाहरण है, क्योंकि मंदिर का निर्माण डोरिक अर्थात अष्टकोणीय पद्धति से सुंदर और चिकने पत्थरों को तराश कर गया गया है | वैसे इसकी मरम्मत समय-समय पर यहाँ के कई राजाओं ने कराई है | इस मंदिर के मुख्य चबूतरों से न सिर्फ पीर-पंजाल की पर्वत श्रृंखलाओं के अलावा पूरे श्रीनगर का विहंगम दृश्य दिखाई देता है | इसके अलावा जबरवान पहाड़ियाँ तथा
उसके नीचे डल झील तथा उत्तर में जेठनाग और दक्षिण में झेलम नदी भी स्पष्ट दिखती है | मौजूदा समय में इस पहाड़ी पर बने मंदिर के गर्भगृह में शिवजी विराजमान हैं | लगभग 300 से कुछ कम सीढ़ियाँ चढ़ने के बाद ही मंदिर परिसर तक पहुँचना संभव हो जाता है | आदि शंकराचार्य की मूर्ति यहाँ दाहिनी तरफ एक काँच के चैम्बर में स्थापित है | तत्पश्चात लगभग 47 सीढ़ियाँ और चढ़कर मंदिर तक पहुँचा जाता है | एक अद्भुत बात यहाँ यह पता चली कि मंदिर में शिवलिंग की स्थापना यहाँ के एक मुस्लिम शासक शेख मुहीउद्दीन ने की थी | वर्त्तमान में इस मंदिर को शंकराचार्य मंदिर ही कहा जाता है और जिस पहाड़ी पर मंदिर स्थित है, उसे शंकराचाय पहाड़ी के नाम से पुकारा जाता है | कहा यह भी जाता है कि वर्त्तमान मंदिर का आदेश पंजाब के रणजीत सिंह ने अपने तत्कालीन राज्यपाल शेख मुहीउद्दीन को दिया था |इस मंदिर तक पहुँचने के दो रास्ते हैं, एक दुर्गानाग की तरफ से और दूसरा नेहरू पार्क से | दुर्गानाग की तरफ से यहाँ पहुँचने का मार्ग महाराजा गुलाब सिंह ने सन् 1925 ई. में बनवाया था | हम स्वयं मंदिर के लिए नेहरू पार्क से सड़क मार्ग से पहुँचे थे | यहाँ के शिवलिंग का हमने विधिवत दुग्धाभिषेक किया | हमने पूरे परिसर घूम कर इस स्थान की मनोहारी छवि तथा इसका विधिवत अवलोकन किया | सन् 1974 ई. में इस पहाड़ी पर टी.वी.टॉवर की भी स्थापना कर दी गई है और परिसर के एक बड़े भाग में फौज ने अपना अस्थायी शिविर भी स्थापित कर लिया है | हमने यहाँ के बहुत सारे दृश्यों को अपने कैमरे में कैद किया और आगे एक अन्य महत्त्वपूर्ण स्थान खीर भवानी के मंदिर के दर्शनार्थ चल पड़े |

अमरनाथ यात्रा - गुलमर्ग



अमरनाथ यात्रा - गुलमर्ग
हामारा आगे का सफर गुलमर्ग जिसका अर्थ ‘फूलों की घाटी’ होता है, का था | यह जगह श्रीनगर से 56 कि.मी. दूर है और समुद्रतल से इसकी ऊँचाई 2650 मीटर की है | गुलमर्ग की गणना दुनिया के सबसे खुबसूरत हिल स्टेशनों में की जाती है | चारों तरफ हिमाच्छादित पर्वत श्रेणियाँ और उनकी तलहटी में सुविस्तृत हरा-भरा घास का मैदान तथा ऊँचे-ऊँचे वृक्षों की लंबी कतारें इस स्थान को नंदन-कानन जैसा बना देती है | इसके मैदान से सटे कई प्रसिद्ध गोल्फ के मैदान हैं, जहाँ दुनिया के प्रसिद्ध खिलाड़ी आते रहते हैं | सर्दियों में जब बर्फबारी होने लगाती है तो गुलमर्ग और भी खुबसूरत लगने लगता है | यहाँ के होटलों में बर्फबार देखने आने वाले पर्यटकों की भीड़ लग जाती है | दुधिया रंग की बर्फ की चादर ओढ़े इसके मैदान एक नयी सौन्दर्य रचना का आयाम प्रस्तुत करते हैं | हमने भी सन् 1982 के मार्च महीने में यह लुत्फ उठाया था | मुग़ल सम्राट जहाँगीर इस खूबसूरती पर बिल्कुल फिदा हो चुका था | वैसे अक्तूबर से मार्च तक मौसम बहुत खुशगवार होता है | सर्दियों में यहाँ स्कीईंग करने वाले लोगों की भी आमद बड़ी संख्या में होती है | गुलमर्ग जितना प्रिय मुग़ल बादशाहों का था, उससे कहीं अधिक प्रिय वह अंग्रेजों को भी था | ऊँचे-ऊँचे अंग्रेज अदिकारी अपनी गर्मी की छुट्टियाँ यहाँ व्यतीत करने आया करते थे | सन् 1904 में अंग्रेजों द्वारा स्थापित ‘गुलमर्ग गोल्फ क्लब’ आज भी दुनिया के गोल्फ मैदानों में सर्वाधिक प्रतिष्ठा परक माना जाता है | रास्ते भर रिमझिम बरसात होती रही थी और यहाँ भी मौसम वैसा ही था | हमने रेनकोट पहन रखी थी | हमने पूरा इलाका घूमने के लिए दो घोड़े किराये पर लिए | घोड़े की पीठ पर बैठने का यह मेरा अनुभव कुछ डर भी पैदा कर रहा था, लेकिन आश्वस्त मैं इस बात से थी कि घोड़ा वाला हमारे साथ चल रहा था | वह हमें यहाँ एक स्थान पर ले गया और वहां से 5 कि.मी. नीचे ‘बाबा ऋषि’ की ‘जिरत बाबा ऋषि’ दरगाह दिखाते हुए उसने बताया कि इनकी जियारत हिन्दू-मुसलमान समान रूप से करते हैं | यह दरगाह घने जंगल के बीच है | कुछ लोगों ने ऋषि का नाम ‘फदामुद्दीन’
बताया | रास्ते में घोड़े वाले ने हमें कई अन्य महत्त्वपूर्ण स्थानों का अवलोकन कराया, जिसमें
खिलगमर्ग, ऐलपत्थर झील, फिशिंग लेक, स्टावर वैली, कश्मीर वैली, चिल्ड्रेन पार्क, फौज के रिहायशी शिविर और विहार स्प्रींग वैली इत्यादि जगहें शामिल थी | इस तरह घूमते- फिरते गोल्फ गार्डेन देखते हुए हम गण्डोला पहुँचे | सच तो यह है कि हमारी यह गुलमर्ग यात्रा इसी गण्डोला को केंद्र में रखकर हुई थी | लगभग 3 बजकर 10 मिनट पर हम यहाँ गण्डोला कार में बैठे | पाइन वृक्षों की ढलान पर इस कार में सैर करने का आनंद ही कुछ और था | इसकी गति कितनी तेज थी, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महज 13 मिनट में हम कोंगडोरी पहुँच गए |
      कोंगडोरी समुद्रतल से 10050 फीट की ऊँचाई पर स्थित है | इस जगह से ‘सन साइन पीक’ दिखाई देता है | पाइन वृक्षों की ढलान पर स्थित इस स्थान को देखने पर्यटकों का दल सदैव आता रहता है | यहाँ के बाद हम पुन: गण्डोला कार में बैठकर अक्षरवट गये, जिसकी ऊँचाई 14500 फीट है | इसको दुनिया का सबसे ऊँचा स्थान माना जाता है | हमने इस ऊँचाई पर पहुँच कर अपने को गौरवान्वित महसूस किया | साथ ही मानवीय विकास की सराहना भी की, जिसके चलते दुनिया की सारी ऊँचाइयाँ बौनी हो गई है | मुझे पल भर में जुलाई 2004 में यू.के. की यात्रा स्वीट्जरलैंड के -----की याद ताजा हो आई जो ऊँचाई पर स्थित है | हम कोंगडोरी होते हुए वापस गुलमर्ग आ गये | हमने यहाँ कुछ चाय नाश्ता किया और हाउसबोट तक पहुँचने के पहले शंकराचार्य मंदिर जाने का भी निश्चय किया, लेकिन हमें जिस रास्ते से जाना था वह सायंकाल 5 बजे के बाद प्रतिबंधित हो जाता था | अतएव हमें अपना कार्यक्रम बदल कर हाउसबोट की ओर ही जाना पड़ा  |